जनजातीय गौरव दिवस: PM मोदी ने CM साय की तारीफ की, बोले- छत्तीसगढ़ का कायापलट कर रहे, शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर भव्य संग्रहालय बना
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के डोडियापाड़ा में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री साय स्वयं जनजातीय समाज से आते हैं और वे छत्तीसगढ़ का कायापलट कर रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में छत्तीसगढ़ में शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर एक भव्य जनजातीय संग्रहालय का निर्माण किया गया है, जो जनजातीय गौरव का प्रतीक बन गया है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के आदिवासी जिलों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 14 जिलों को 250 नई बसों की हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की पावन धरती आज एक और ऐतिहासिक अवसर की साक्षी बन रही है। उन्होंने भारत की विविधता और एकता को सेलिब्रेट करने वाले भारत पर्व की भी चर्चा की और कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के भव्य आयोजन के साथ यह पर्व पूर्णता को पहुंचा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और जनजातीय समाज के विकास एवं गौरव को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

