Boycott Turkey: पाकिस्तान का साथ देकर तुर्की फंसा, भारत में उठी तुर्की बॉयकॉट की लहर
Boycott Turkey: नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तुर्की और अजरबैजान के पाकिस्तान के प्रति झुकाव ने भारतीय नागरिकों में नाराजगी पैदा कर दी है। इसका सीधा असर इन देशों के टूरिज्म और व्यापार पर पड़ता नजर आ रहा है। भारत में “बॉयकॉट तुर्की और अजरबैजान” कैंपेन ज़ोर पकड़ चुका है। इस कैंपेन का असर इतना गहरा है कि हजारों भारतीय पर्यटकों ने इन देशों की यात्रा रद्द कर दी है। कई ट्रैवल कंपनियां और एयरलाइंस बिना किसी कैंसिलेशन शुल्क के टिकट रद्द कर रही हैं।
Boycott Turkey: पूर्वांचल से 15,000 से अधिक यात्राएं रद्द
ऑल इंडिया टूरिस्ट फेडरेशन के मुताबिक, सिर्फ पूर्वांचल क्षेत्र से बीते तीन दिनों में 15,000 से ज्यादा यात्रियों ने तुर्की और अजरबैजान की यात्रा रद्द कर दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह संख्या बढ़कर 25,000 से 30,000 तक पहुंच सकती है। यही नहीं, भारत के अलग-अलग हिस्सों से लोग इन देशों के स्थान पर थाईलैंड, बैंकॉक और इंडोनेशिया जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
Boycott Turkey: टूरिज्म पर भारी असर
इंफोइंडिया के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में करीब 2.50 लाख भारतीय पर्यटक अजरबैजान और लगभग 3 लाख पर्यटक तुर्की की यात्रा पर गए थे। औसतन हर यात्री ने लगभग 85,000 रुपये खर्च किए थे। इस तरह भारत से इन दोनों देशों को करीब 469 करोड़ रुपये की आय हुई थी। लेकिन अब, भारत में तुर्की और अजरबैजान का पर्यटन उद्योग बड़ा झटका झेल रहा है, जो कि इन देशों की जीडीपी का लगभग 10% हिस्सा है।
Boycott Turkey: व्यापार पर मंडराने लगे हैं बादल
वित्त वर्ष 2023-24 में भारत और तुर्की के बीच कुल 10.43 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था, जिसमें भारत ने 6.65 अरब डॉलर का निर्यात और 3.78 अरब डॉलर का आयात किया। भारत से तुर्की को जाने वाले प्रमुख उत्पादों में मशीनरी, स्टील, रसायन, कीमती पत्थर और फल शामिल हैं। बॉयकॉट अभियान के चलते आने वाले समय में तुर्की से आयातित वस्तुओं की मांग में गिरावट की संभावना है।
Boycott Turkey: ड्रोन और मिसाइल सपोर्ट से भड़का भारत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान को सैन्य सहायता देने में तुर्की और अजरबैजान की भूमिका रही है। तुर्की ने पाकिस्तान को ड्रोन और मिसाइल सिस्टम मुहैया कराए हैं, जिससे भारतीय जनता का गुस्सा भड़का। इसके बाद से ही भारत में इन दोनों देशों के खिलाफ सोशल मीडिया पर ‘बॉयकॉट’ की मांग तेज हो गई।
Boycott Turkey: ट्रैवल कंपनियों का समर्थन
कॉक्स एंड किंग्स, एसओटीसी और इज़ माय ट्रिप जैसी बड़ी ट्रैवल कंपनियां लोगों के साथ खड़ी हैं और टिकट रद्द करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं ले रही हैं। एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस भी कैंसिलेशन चार्ज माफ कर रही हैं।

