WPL 2026: गुजरात जाएंट्स की धमाकेदार शुरुआत, यूपी वॉरियर्स को 10 रनों से हराया
WPL 2026: मुंबई। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के नए सीजन में गुजरात जाएंट्स ने शानदार जीत के साथ आगाज किया। शनिवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने यूपी वॉरियर्स को 10 रनों से पराजित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में यूपी वॉरियर्स 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 197 रन ही बना सकी।
WPL 2026: गुजरात की पारी की नींव सोफी डिवाइन के आक्रामक 38 रनों से पड़ी। इसके बाद कप्तान एश्ले गार्डनर ने अनुष्का शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 103 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई। गार्डनर ने 41 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन ठोके। अनुष्का ने 30 गेंदों में 44 रनों का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में जॉर्जिया वेयरहैम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में नाबाद 27 रन (एक चौका, तीन छक्के) और भारती फुलमाली ने नाबाद 14 रन जोड़े। यूपी की ओर से सोफी एक्लेस्टोन ने दो विकेट चटकाए।
WPL 2026: लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी की शुरुआत खराब रही। किरण नवगिरे पांचवीं गेंद पर आउट हो गईं। मेग लैनिंग (30) और फीबी लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद टीम लड़खड़ा गई। पांच गेंदों में लैनिंग, हरलीन देओल (0) और दीप्ति शर्मा (1) आउट हो गए। लिचफील्ड ने श्वेता सहरावत के साथ 69 रनों की साझेदारी की और 40 गेंदों में आठ चौकों व पांच छक्कों से 78 रन बनाए। अंत में आशा शोभना की नाबाद 27 रनों की पारी बेकार गई। गुजरात की ओर से वेयरहैम, रेणुका सिंह और डिवाइन ने महत्वपूर्ण विकेट लिए।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


