UP News
UP News : गोरखपुर : अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को उनके बजट में शानदार मांगलिक आयोजन की सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत गोरखपुर में दो नए कल्याण मंडपम तैयार किए गए हैं। मानबेला और राप्तीनगर विस्तार में निर्मित इन कल्याण मंडपम का लोकार्पण शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इससे पहले, शहर में दो अन्य कल्याण मंडपम का उद्घाटन भी सीएम के हाथों हो चुका है। ये मंडपम जरूरतमंद परिवारों को विवाह और अन्य समारोहों के लिए मैरिज हॉल जैसी सुविधाएं प्रदान करेंगे।
UP News : मानबेला में भव्य कन्वेंशन सेंटर
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बाबा गंभीरनाथ नगर वार्ड, मानबेला में 1500 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर (कल्याण मंडपम) का निर्माण किया है। इस परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि से पूरा किया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि इस सेंटर का निर्माण 10 जून 2024 से शुरू हुआ था और इसे निर्धारित समय से पहले तैयार कर लिया गया। दो मंजिलों में बने इस भवन की लागत 2.65 करोड़ रुपये है।
मानबेला का कल्याण मंडपम 250 लोगों की क्षमता वाला है, जहां विवाह, सामाजिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक समारोह आयोजित किए जा सकते हैं। इस मंडपम में एक बड़ा हॉल, किचन, स्टोर, चेंजिंग रूम और दोनों मंजिलों पर पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।
UP News : राप्तीनगर में भी कल्याण मंडपम
राप्तीनगर विस्तार के टोला पीरू शहीद में जीडीए ने 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 85 लाख रुपये की लागत से एक अन्य कन्वेंशन सेंटर (कल्याण मंडपम) बनाया है। यह प्रोजेक्ट प्राधिकरण निधि से पूरा हुआ है। दो मंजिलों में निर्मित इस मंडपम में 125 लोगों की क्षमता वाले आयोजन हो सकते हैं। इसमें भूतल पर एक मल्टीपर्पज हॉल, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, प्रथम तल पर दो कमरे, बरामदा और एक खुला टैरेस शामिल है।
UP News : सामाजिक और आर्थिक महत्व
ये कल्याण मंडपम अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेंगे, जिससे उन्हें अपने मांगलिक आयोजनों को भव्यता के साथ आयोजित करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह विजन न केवल सामाजिक समावेश को बढ़ावा देता है, बल्कि स्थानीय स्तर पर सुविधाओं को सुलभ बनाकर नागरिकों के जीवन को आसान भी बनाता है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


