Suryakumar Yadav Visit Tirumala Temple: टी20 वर्ल्ड कप से पहले तिरुपति पहुंचे कप्तान सूर्या, पत्नी देविशा संग लिया भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद
मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की तलाश में तिरुपति पहुंचे। उन्होंने अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ आंध्र प्रदेश स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वैकुंठ एकादशी के पावन अवसर पर हुए इस दर्शन के दौरान सूर्या ने भगवान से आगामी चुनौतियों के लिए आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर में दोनों पारंपरिक परिधान में नजर आए और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अधिकारियों ने उनके दर्शन की विशेष व्यवस्था की। दर्शन के बाद रंगनायकुलावरी मंडपम में पुजारियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया, तीर्थ प्रसादम और भगवान के वस्त्र अर्पित किए गए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 और तीन वनडे सीरीज की तैयारी में जुटे हैं। टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से होनी है और इसी सीरीज से टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को भी धार मिलेगी। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम की घोषणा पहले ही हो चुकी है।
हालांकि, टी20 विश्व कप से पहले सूर्या की फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। साल 2025 उनके लिए अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है और पिछले 23 टी20 मैचों में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। कभी टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्यकुमार का लय में लौटना भारत के लिए बेहद अहम है, क्योंकि टीम इंडिया मौजूदा टी20 चैंपियन है और 2026 में भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


