Sara Ali Khan New Year Vacation Photos: पटौदी पैलेस में सादगी भरा न्यू ईयर, सारा अली खान ने भाई इब्राहिम और परिवार संग मनाए खास पल
Sara Ali Khan New Year Vacation Photos: नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने इस बार नए साल का स्वागत किसी ग्लैमरस पार्टी या शोर-शराबे से दूर रहकर किया। सारा ने न्यू ईयर सेलिब्रेशन अपने पैतृक निवास पटौदी पैलेस में भाई इब्राहिम अली खान और परिवार के साथ बेहद सुकूनभरे माहौल में मनाया। ठंडी सर्दियों के बीच परिवार संग बिताए ये पल उनके लिए बेहद खास रहे।
सोशल मीडिया पर शेयर की वेकेशन की झलक
सारा अली खान ने अपने न्यू ईयर सेलिब्रेशन और हालिया वेकेशन की कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की हैं। इन फोटोज़ में सारा और इब्राहिम को एक-दूसरे के साथ हंसते-मुस्कुराते, बातचीत करते और सादगी भरे पलों को एंजॉय करते देखा जा सकता है। तस्वीरों में किसी तरह का दिखावा नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताया गया शांत और आत्मीय समय साफ झलकता है।
इन तस्वीरों के साथ सारा ने कैप्शन में लिखा “मेरी मन्नत, हमेशा नसीब हो ऐसी जन्नत”, जो यह दर्शाता है कि उनके लिए परिवार के साथ बिताया गया वक्त ही असली खुशी है।
बर्फीली वादियों में दिखा सारा का सुकून भरा अंदाज़
न्यू ईयर फोटोज़ के अलावा सारा ने कुछ और तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिनमें वह बर्फ से ढकी वादियों के बीच समय बिताती नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वह फूलों के बीच बैठकर पोज देती दिखती हैं, तो दूसरी में ठंडी बालकनी में बैठकर कॉफी का आनंद लेती नजर आती हैं। वहीं एक अन्य तस्वीर में सारा अपने भाई इब्राहिम और दोस्तों के साथ बातचीत में मग्न दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उनका विंटर लुक कंफर्टेबल होने के साथ-साथ स्टाइलिश भी रहा, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
शाही और फिल्मी विरासत से जुड़ा पटौदी परिवार
गौरतलब है कि सारा अली खान और इब्राहिम अली खान, अभिनेता सैफ अली खान और अमृता सिंह की संतान हैं। साल 2004 में सैफ और अमृता के अलग होने के बाद दोनों बच्चों की परवरिश अमृता सिंह ने की। सारा और इब्राहिम पटौदी खानदान से ताल्लुक रखते हैं। उनके दादा मंसूर अली खान पटौदी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और नवाब थे, जबकि दादी शर्मिला टैगोर बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रही हैं। यही वजह है कि सारा की शाही और फिल्मी विरासत हमेशा फैंस के बीच चर्चा में रहती है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


