Mumbai Malad Bus Fire
Mumbai Malad Bus Fire : मुंबई। महानगर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मलाड पूर्व इलाके में चलती एक निजी स्लीपर कोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अचानक उठा धुआं
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बोरीवली की ओर जा रही निजी स्लीपर बस जैसे ही मलाड (पूर्व) के फ्लाईओवर के पास पहुंची, उसके अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। कुछ ही पलों में आग तेजी से फैल गई और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
आग फैलने से पहले ही बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में कोई भी घायल या हताहत नहीं हुआ है।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पीक आवर्स में हुई इस घटना के चलते वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग बस के इंजन या अगले हिस्से से शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को लेकर जांच कर रहे हैं। फिलहाल जली हुई बस को सड़क से हटाने के बाद ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
