Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News: 30 लाख के वित्तीय घोटाले में पूर्व जनपद CEO गिरफ्तार, फर्जी बिल से शासकीय राशि का गबन, सालों से था फरार

CG News
X

CG News

CG News: बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जनपद पंचायत वाड्रफनगर में हुए बहुचर्चित शासकीय राशि गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रवण कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

CG News: मामला वित्तीय वर्ष 2014-15 का है। आरोप है कि जनपद पंचायत वाड्रफनगर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में मुरुम मिट्टी, सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों के नाम पर फर्जी बिल प्रस्तुत कर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लगभग 30 लाख 02 हजार 449 रुपये की शासकीय राशि का गबन किया गया। विभागीय जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद वाड्रफनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

CG News: इस संबंध में वर्ष 2020 में थाना बसंतपुर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 50/2020 के तहत धारा 467, 468, 420, 409 और 34 भादंवि के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। प्रारंभिक जांच में कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) अश्विनी कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

CG News: विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों-सप्लायर हरिहर यादव, कुंजलाल साहू, रोजगार सहायक गिरीश यादव सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा कर्मचारियों एवं सप्लायरों के धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए हैं तथा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में पूरक चालान प्रस्तुत किया गया है।

CG News: जांच के दौरान आरोपी अश्विनी कुमार तिवारी ने अपने बयान में बताया कि उसने श्रवण कुमार मरकाम एवं एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर शासकीय राशि का गबन किया था। इसके बाद से मरकाम फरार चल रहे थे।

CG News: पुलिस ने हाल ही में श्रवण कुमार मरकाम (उम्र 62 वर्ष), निवासी शिव मंदिर महुआपारा वार्ड क्रमांक 04, थाना गांधीनगर अंबिकापुर को हिरासत में लेकर वाड्रफनगर लाया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। न्यायालय में पेशी के पश्चात उसे जेल भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019