MP News: गुना में आफत की बारिश, कलेक्टर को बुलानी पड़ी सेना, हालात बेकाबू
MP News: गुना/भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए। पिछले 24 घंटों में गुना में 323 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो जुलाई महीने में अब तक का सबसे अधिक एक दिन का रिकॉर्ड है। इससे पहले 25 जुलाई 1958 को 293.4 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था। इस भारी बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया, सड़कों पर तीन फीट से अधिक पानी भर गया, और कारें पानी पर पत्तों की तरह बहने लगीं।
MP News: बेकाबू हालात, पानी में डूब गईं बस्तियां
गुना में बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। शहर की सड़कें, खासकर पुरानी छावनी और जयस्तंभ चौराहे का बस स्टैंड क्षेत्र, पानी में डूब गए। कई कॉलोनियों जैसे गोविंद गार्डन और भुल्लन पुरा में पानी घुस गया, जिससे लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया।
बमोरी तहसील में स्थिति और गंभीर थी, जहां 1956 में बने कलोरा डैम की वेस्ट बीयर टूट गई, जिससे आसपास के गांवों में खतरा बढ़ गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
MP News: कलेक्टर ने मांगी सेना से मदद
हालात को नियंत्रित करने के लिए गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सेना की मदद मांगी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। कलेक्टर ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी।
जिला प्रशासन ने प्रभावित नागरिकों के लिए राहत व्यवस्थाएं शुरू कीं, और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना, अशोकनगर, और शिवपुरी के कलेक्टरों के साथ फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति का जायजा लिया, यह सुनिश्चित करते हुए कि बचाव और राहत कार्य तेजी से हों।
MP News: आसपास के जिलों में भी बारिश से तबाही
गुना के अलावा, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, और अशोकनगर में भी भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। भोपाल में कलेक्टर ने 30 जुलाई तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में नदियां उफान पर हैं, और कई गांवों का संपर्क कट गया है। शिवपुरी में पावा जलप्रपात और भदैया कुंड में पानी की तेज धारा के कारण पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


