MP News: घने कोहरे के कारण ‘हवाई यातायात’ प्रभावित, इंदौर एयरपोर्ट पर 15 से अधिक फ्लाइट्स लेट
इंदौर। मध्य प्रदेश में शनिवार सुबह से ही घने कोहरे का असर देखने को मिला, जिससे सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। सबसे ज्यादा परेशानी इंदौर एयरपोर्ट पर सामने आई, जहां कम दृश्यता के कारण 15 से अधिक उड़ानों में देरी हुई, जबकि इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा।
तीन घंटे की देरी से उतरा पहला विमान
कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिसके चलते इंदौर एयरपोर्ट पर दिन की पहली उड़ान लगभग तीन घंटे की देरी से सुबह करीब साढ़े 9 बजे लैंड कर सकी। यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
इसी दौरान इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर-नासिक रूट की फ्लाइट (6E-7109) को रद्द कर दिया। यह फ्लाइट दोपहर 1:30 बजे इंदौर से नासिक के लिए रवाना होती थी और शाम 4:15 बजे वापसी तय थी। फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालांकि एयरलाइन ने रिफंड और री-शेड्यूलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है।
100 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक शनिवार सुबह विजिबिलिटी घटकर मात्र 100 मीटर तक पहुंच गई थी। आम दिनों में यह 3 से 5 किलोमीटर के बीच रहती है। कम दृश्यता के चलते उड़ानों का संचालन सुरक्षित रूप से करना मुश्किल हो गया, जिस कारण कई फ्लाइट्स को होल्ड और डिले करना पड़ा।
ठंड बढ़ने से कोहरे की मार
प्रदेश में शुक्रवार शाम से ठंड में अचानक इजाफा दर्ज किया गया। शनिवार सुबह अधिकांश शहरों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। शिवपुरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
