MP News
MP News : सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 100 एकड़ भूमि पर नए इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण की घोषणा की है। इसके साथ ही जिले में सेक्टर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए जाने का निर्णय भी लिया गया है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेले के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कीं।
MP News : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अंतरिक्ष, उद्योग, रक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के निर्णय की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब ये कॉन्क्लेव जिला स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर आधारित कॉन्क्लेव हो चुकी है और अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी।
MP News : मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना विंध्य क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां उद्योगों के विस्तार से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने विंध्य व्यापार मेले के सफल आयोजन के लिए सतनावासियों को बधाई दी और विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को व्यापार मेले के आयोजन के लिए 8 एकड़ भूमि देने की घोषणा की। साथ ही सतना में व्यापारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन बनाए जाने की भी घोषणा की।
MP News : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। सतना एयरस्ट्रिप को बढ़ाकर 1800 मीटर किया जा रहा है, जिससे बड़े जेट विमान भी यहां उतर सकेंगे। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली सेवा शुरू की गई है और आपात स्थिति में सहायता के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नए वर्ष में प्रदेशवासियों को सरकारी बस सेवा की सौगात भी दी जाएगी। इसके अलावा सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के लिए राहवीर योजना शुरू की गई है।
MP News : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट बढ़ाकर करीब 7 लाख करोड़ रुपये करना है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। होटल व्यवसाय में 30 प्रतिशत तक सब्सिडी और रोजगार आधारित उद्योगों को श्रमिकों के वेतन में 5 हजार रुपये प्रति श्रमिक सहायता दी जा रही है। किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें बिजली बिल और अस्थायी कनेक्शन की परेशानी से राहत मिल रही है।
MP News : सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में सतना जीएसटी कलेक्शन के मामले में अग्रणी जिला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में प्रदेश में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। उन्होंने सतना में एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की आवश्यकता पर जोर दिया।
MP News : विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने बताया कि विंध्य व्यापार मेला वर्ष 2000 से प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित किया जा रहा है और यह इसका 12वां आयोजन है। मेले में 8 राज्यों के करीब 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने व्यापार मेले के लिए स्थायी भूमि, व्यापार संवर्धन बोर्ड के गठन और भोपाल की तर्ज पर सतना में ग्लोबल स्किल डेवलपमेंट पार्क की स्थापना की मांग रखी।
MP News : कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं सतना जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और व्यापारी उपस्थित रहे।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
