रायपुर : Legend 90 Cricket League Raipur : बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया आज रायपुर में होने वाले लीजेंड 90 क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में अपनी शानदार परफॉर्मेंस देने आ सकती हैं। यह आयोजन शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां तमन्ना की प्रस्तुति फाइनल मैच से ठीक पहले समापन समारोह का मुख्य आकर्षण होगी।
लीजेंड 90 क्रिकेट लीग का यह फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ वॉरियर्स और राजस्थान किंग्स के बीच खेला जाएगा। छत्तीसगढ़ के खेल मंत्री टंक राम वर्मा भी इस भव्य आयोजन में मौजूद रहेंगे।
तमन्ना की परफॉर्मेंस के लिए जबरदस्त उत्साह
हाल ही में "मजा हुस्न का" गाने से सुर्खियां बटोरने वाली तमन्ना भाटिया इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े मंचों पर परफॉर्म कर रही हैं। रायपुर में उनकी इस प्रस्तुति को देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
आम जनता के लिए प्रवेश रहेगा मुफ्त
इस क्रिकेट लीग का आयोजन 6 फरवरी से शुरू हुआ था और अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। खास बात यह है कि इस फाइनल मुकाबले के लिए स्टेडियम में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है, जिससे कोई भी व्यक्ति इस रोमांचक मुकाबले और तमन्ना की परफॉर्मेंस का आनंद ले सकता है। अब सभी की निगाहें इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं, जहां खेल और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।