Iran Israel Conflict : गैस की किल्लत ने बिगाड़ा जायका, होटल कारोबार पर संकट के बादल, 20% रेस्टोरेंट हुए बंद
Iran Israel Conflict : मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजरायल संघर्ष का असर अब भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी दिखाई देने लगा है। गैस सप्लाई प्रभावित होने और कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत के कारण शहर के छोटे और मध्यम स्तर के करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट अस्थायी रूप से बंद हो गए हैं। जो होटल अभी संचालित हैं, वे भी बढ़ती लागत और सीमित संसाधनों के कारण गंभीर आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।
Iran Israel Conflict : गैस सप्लाई पर सख्ती से बढ़ी परेशानी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण तेल और गैस कंपनियों ने सप्लाई व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कई नए नियम लागू किए हैं। पहले जहां गैस सिलेंडर की रिफिलिंग लगभग 15 दिनों में हो जाती थी, अब उपभोक्ताओं को 21 से 25 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए एडवांस बुकिंग पर रोक लगा दी गई है, जिससे होटल संचालकों के लिए रोजमर्रा के काम के लिए गैस उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। कालाबाजारी रोकने के लिए गैस डिलीवरी को ओटीपी आधारित व्यवस्था से जोड़ा गया है। इन नियमों के चलते होटल और भोजनालय संचालकों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
Iran Israel Conflict : कमर्शियल सिलेंडर के दाम दो हजार के पार
गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने होटल कारोबारियों की लागत और बढ़ा दी है। 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसका दाम 2006 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में भी करीब 59 रुपये की वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी का असर होटल उद्योग के साथ-साथ आम परिवारों के बजट पर भी पड़ रहा है।
Iran Israel Conflict : शादी-समारोह और कैटरिंग कारोबार प्रभावित
गैस की कमी का असर शादी-समारोहों और कैटरिंग उद्योग पर भी देखने को मिल रहा है। कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण पुराने रेट पर भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। कई आयोजनों में खर्च कम करने के लिए मेन्यू में कटौती करनी पड़ रही है, क्योंकि पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
Iran Israel Conflict : रेस्टोरेंट में खाने की कीमतें बढ़ीं
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि गैस और अन्य खर्चों में करीब 20 प्रतिशत तक वृद्धि हो गई है। इसके चलते कई रेस्टोरेंट्स ने खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


