CG News : सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर क्षेत्र से लगे करंजवार गांव में करंट लगने से एक नर हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद खेत मालिक रामलाल (52) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं लापरवाही सामने आने पर प्रतापपुर के फॉरेस्ट गार्ड जीतन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि रेंजर उत्तम मिश्रा को दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
CG News : जानकारी के मुताबिक करंजवार गांव में जिस खेत में करीब 15 वर्षीय नर हाथी का शव मिला था, वह खेत रामलाल का बताया जा रहा है। जांच में पता चला कि खेत में गेहूं की सिंचाई के लिए बिजली का तार लगाया गया था, जिसकी चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर खेत मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
CG News : पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि सिंचाई के लिए बिजली का तार लगाया था। सुबह खेत में हाथी का शव देखने के बाद उसने खुद को बचाने के लिए तार और खूंटा निकालकर अपने पैरा में छिपा दिया था। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 50, 51 और 52 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। वहीं इस मामले में निगरानी में लापरवाही को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


