CG News : राजिम। राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प के अंतिम दिवस महाशिवरात्रि पर आस्था, परंपरा और शौर्य का अद्वितीय संगम देखने को मिला। सुबह 7 बजे संत समागम स्थल से नागा साधुओं और विभिन्न अखाड़ों के संतों ने ऐतिहासिक शाही शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय उत्साह से भर दिया।
CG News : शोभायात्रा संत समागम स्थल से प्रारंभ होकर श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के पीछे मार्ग से नेहरू बाल उद्यान, राजिम पुल, पं. सुंदरलाल शर्मा चौक, गौरवपथ और वीआईपी मार्ग होते हुए मेला परिसर स्थित शाही कुंड पहुंची। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत किया गया। राउत नाचा, नगाड़ों की गूंज और जयघोष के बीच निकली इस यात्रा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
CG News : सुसज्जित पालकियों, शाही बग्घियों और घोड़ों पर विराजमान संतों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को अलौकिक स्वरूप दिया। नागा बाबाओं ने तलवार, फरसा और अन्य पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ शौर्य प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अखाड़ों की अनुशासित परंपरा और युद्धकला का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
CG News : शाही कुंड पहुंचकर नागा साधुओं ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया और जयघोष के साथ आस्था की डुबकी लगाई। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, राजिम विधायक रोहित साहू और अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
CG News : शाही शोभायात्रा में श्री पंच दशनामी सन्यासी अखाड़ा और अखिल भारतीय पंच रामानंदी वैष्णव अखाड़ा सहित विभिन्न पंथों के संत शामिल हुए। विदेशी पर्यटकों ने भी इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
CG News : मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि पर नागा साधुओं की शाही शोभायात्रा और स्नान ने राजिम कुंभ कल्प को ऐतिहासिक आयाम दिया है। राज्य सरकार इस पावन स्थल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


