CG News: रायपुर: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला पहले ही दिन नागरिकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया। हजारों लोगों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न आवासीय परियोजनाओं की जानकारी ली और मात्र भवन मूल्य के 1% भुगतान पर बुकिंग कराई। तत्काल बैंक लोन सुविधा और हर दिन होने वाले लकी ड्रॉ ने भी लोगों को भारी संख्या में मेला स्थल तक खींचा। प्रतिदिन कूपन भरने पर रात 10 बजे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर-ग्राइंडर और प्रेस जैसे उपहार दिए गए। वहीं बंपर पुरस्कार के रूप में स्विफ्ट कार, होंडा शाइन बाइक और होंडा एक्टिवा भी रखी गई।
CG News: भव्य शुभारंभ
मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उन्होंने कहा कि यह मेला पूरे राज्य के आवासीय विकल्पों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण प्रयास है और सरकार का लक्ष्य हर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भविष्य में इतिहास सीएम विष्णु देव साय को ‘आवास वाले बाबा’ के रूप में याद रखेगा। मंत्री ओ. पी. चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष में बोर्ड ने 700 करोड़ रुपये की संपत्तियाँ बेची हैं और हाउसिंग बोर्ड को देश का एकमात्र ऋण-मुक्त बोर्ड बनाया है। नई नीति के अनुसार अब केवल वही प्रोजेक्ट शुरू होंगे जिनमें तीन माह में 10% प्रति माह की दर से या कुल 60% बुकिंग एक साथ मिल जाए।
CG News: पहले दिन 2060 करोड़ के 55 प्रोजेक्ट लॉन्च
प्रथम दिवस खैरागढ़ यूनिवर्सिटी के छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसिद्ध गायक विनोद राठौर की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दिन 22 जिलों में 2060 करोड़ रुपये के 55 नए प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया गया। साथ ही आवंटी पोर्टल व व्हाट्सएप चैटबॉट लॉन्च किए गए तथा लाभार्थियों को घरों की चाबियाँ और फ्रीहोल्ड सर्टिफिकेट बांटे गए।
CG News: दूसरे दिन मेले में बंपर भीड़
24 नवंबर को सुबह से ही आवास बुकिंग के इच्छुक नागरिकों की बड़ी भीड़ उमड़ी। रायपुर, नवा रायपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, जगदलपुर और दुर्ग के स्टॉलों पर भारी बुकिंग देखने को मिली। इस दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि बंपर भीड़ मेले की सफलता साबित करती है और हाउसिंग बोर्ड उन वर्गों के लिए घर बना रहा है जिनके बारे में निजी बिल्डर सोच भी नहीं सकते। शाम को कलिंगा बैंड और रात में प्रसिद्ध लोक गायिका आरू साहू की प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।

CG News: तीसरे दिन शानदार समापन – रिकॉर्ड बुकिंग
25 नवंबर को मेले के तीसरे और अंतिम दिन बुकिंग ने नया रिकॉर्ड बना दिया। रायगढ़, कोरबा, जशपुर, राजा नांदगांव, कांकेर, जगदलपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा सहित कई जिलों में नागरिकों ने बड़ी संख्या में बुकिंग की। रायपुर के प्रमुख प्रोजेक्ट कबीर नगर, भुरकोनी, बोरियाकला, पिरदा, सेजबहार, नरदहा और नवा रायपुर (सेक्टर 12 फेज-2 एवं मुख्यमंत्री-सह प्रधानमंत्री आवास योजना) में भारी बुकिंग हुई। अटल विहार, सामान्य आवास योजना और पीएम-सीएम आवास योजना को नागरिकों से विशेष सराहना मिली।
CG News: तीन दिनों में 188 करोड़ की 879 संपत्ति बिकी
23 से 25 नवंबर की शाम 7 बजे तक मेले में कुल 188 करोड़ रुपये की 879 संपत्तियों की बुकिंग दर्ज की गई। समापन के अवसर पर मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि यह मेला नागरिकों के सपनों को पूरा करने का सबसे अच्छा माध्यम सिद्ध हुआ है। हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 2060 करोड़ की नई परियोजनाएँ राज्य में आवास विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी।
CG News: 26 नवंबर को भी मिलेगी स्पॉट बुकिंग सुविधा
जनता के उत्साह को देखते हुए बोर्ड ने 26 नवंबर को भी मेले में स्पॉट बुकिंग सुविधा जारी रखने का निर्णय लिया है। साथ ही शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित गोंडवाना राष्ट्रीय आजीविका एवं सांस्कृतिक कला महोत्सव 2025 में 14 दिसंबर 2025 तक हाउसिंग बोर्ड का स्टॉल लगा रहेगा, जहाँ आवेदक जानकारी और बुकिंग करा सकेंगे। हाउसिंग बोर्ड आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि आवंटी पोर्टल और चैटबॉट से प्रक्रियाएँ और सरल व पारदर्शी होंगी। 26 जिलों की 55 नई परियोजनाएँ 3 साल की समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएंगी। समापन कार्यक्रम में इंडियन रोलर बैंड और गायक-एक्टर सुनील तिवारी की प्रस्तुति ने समां बांधा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य संपदा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने सभी हितग्राहियों, आगंतुकों, मीडिया और सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


