CG Crime : धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम भोयना में न्यू अन्नपूर्णा ढाबा के पास बीती रात हुए तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। शराब के नशे में धुत्त 8 आरोपियों ने मामूली विवाद के बाद तीन युवकों आलोक सिंह ठाकुर, नितीन टांडी और सुरेश हियाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं, को गिरफ्तार कर लिया और उनका जुलूस निकाला।
CG Crime : मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि यह घटना 11 अगस्त की रात करीब 11.20 बजे न्यू अन्नपूर्णा ढाबा के पास हुई। सभी आरोपी शराब पीकर ढाबे में खाना खा रहे थे, तभी उनका आपस में विवाद हुआ। नशे में धुत्त आरोपियों ने ढाबे में आने वाले अन्य लोगों के साथ बदतमीजी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रायपुर से आए आलोक सिंह ठाकुर, नितीन टांडी और सुरेश हियाल अपने दोस्तों के साथ ढाबे पहुंचे।
CG Crime : आरोपियों ने इन युवकों से गाली-गलौज शुरू की और अपना वर्चस्व दिखाने के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर मुख्य आरोपी गोपी दीवान 20 वर्ष निवासी मथुराडीह और उसके साथियों कुलेश्वर नेताम 25 वर्ष निवासी कोर्रा, रणवीर कुमार साहू 20 वर्ष निवासी ईरा, कमलेश धु्रव 19 वर्ष निवासी आमापारा, गौतम दीवान व अन्य तीन नाबालिग ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर तीनों युवकों को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में दो अन्य युवक भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
CG Crime : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रातों-रात आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। कुछ ही घंटों में सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों का मुंडन करवाकर शहर में जुलूस निकाला, ताकि जनता में अपराध के प्रति भय पैदा हो।
CG Crime : ढाबा संचालक पर भी कार्रवाई की तैयारी-
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि न्यू अन्नपूर्णा ढाबा में शराब परोसे जाने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है और यदि आवश्यक हुआ तो ढाबा संचालक के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


