Bihar News
Bihar News : बेगूसराय। बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी डीएसपी बनकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है, जो रिफाइनरी थाना क्षेत्र के मोसादपुर का रहने वाला है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
Bihar News : पुलिस के अनुसार, करण कुमार खुद को कभी डीएसपी तो कभी एसआई बताकर बेरोजगार युवाओं को पुलिस भर्ती में पास कराने का झांसा देता था। इसी क्रम में उसने दरोगा बहाली के नाम पर तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनाहारा निवासी अभिषेक कुमार से करीब 19 लाख 40 हजार रुपये की ठगी की।
Bihar News : पीड़ित अभिषेक कुमार ने बताया कि उनकी मुलाकात करण कुमार से एक लाइन होटल पर हुई थी, जहां वह दरोगा की वर्दी में बाइक से आया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को औरंगाबाद जिले में पोस्टेड अधिकारी बताया और दरोगा भर्ती में पास कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद चेक, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और अन्य माध्यमों से बड़ी रकम वसूल ली।
Bihar News : राशि लेने के बाद आरोपी ने पीड़ित का फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में एक बार फिर मुलाकात होने पर उसने गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद पीड़ित ने तेघड़ा थाने में ठगी और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया।
Bihar News : शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर करण कुमार को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
