Rajasthan Accident : खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 6 दोस्तों की कार खाई में गिरी, 4 की मौत
जयपुर के रायसर में टायर फटने से हुआ हादसा, आगरा के चार दोस्तों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
Rajasthan Accident : जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आगरा के चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रायसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 पर हुआ, जहां टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार, 23 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे हुआ। कार में छह दोस्त सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले थे। सभी खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान रायसर के पास कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।