MP Crime : नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में सराफा बाजार स्थित राज ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। ग्राहक बनकर दुकान पहुंची एक महिला ने दुकानदार को बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद कर करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आरोपी महिला को इटारसी से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 450 ग्राम वजनी आभूषण बरामद किए हैं।

बहाने से दुकान में बनाई जगह

पुलिस के मुताबिक, घटना 2 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स में हुई। एक महिला ग्राहक बनकर दुकान पहुंची और चर्म रोग का हवाला देते हुए स्कार्फ से चेहरा ढक रखा था। उसने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और फिर एटीएम से पैसे लाने की बात कहकर दुकान से चली गई। करीब 15 मिनट बाद महिला दोबारा दुकान पहुंची और कान के टॉप्स दिखाने को कहा। दुकानदार जब बेसमेंट के स्टोर रूम से जेवर लेने गए, तभी महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद काउंटर की दराज में रखे जेवरों के डिब्बे लेकर वह मौके से फरार हो गई।

250 CCTV कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। नर्मदापुरम और इटारसी में मिले फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने इटारसी में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहचान छिपाने के लिए जलाए कपड़े और डिब्बे

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पहचान छिपाने के लिए उसने घटना के दौरान पहने गए कपड़े, स्कार्फ, चप्पल और जेवरों के डिब्बे जला दिए थे। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी इससे पहले इटारसी के सराफा बाजार में इसी तरह की चोरी कर चुकी है।

Tags: