MP News : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सरकारी स्कूल के मिड-डे मील में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। समनापुर प्राथमिक शाला में भोजन करने के बाद कई बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद आनन-फानन में कुल 38 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में मध्यान्ह भोजन करने के बाद करीब 10 से 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। स्थिति को देखते हुए सभी 38 बच्चों को उपचार के लिए नरसिंहपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मामले में कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल में मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले एकता स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Tags: