MP Crime : खेत में ड्रोन से खुला गांजे की खेती का राज, 1700 से ज्यादा पौधे जब्त, 41 लाख का माल बरामद
बड़वानी के ग्राम बोरपडवा में पुलिस की दबिश, 4 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त, ऑपरेशन 'ग्रीन स्ट्राइक' के तहत आरोपियों की तलाश जारी।
MP Crime : बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेती का खुलासा किया है। वरला थाना पुलिस ने ऑपरेशन 'ग्रीन स्ट्राइक' के तहत ग्राम बोरपडवा में दबिश देकर खेत में उगाए जा रहे गांजे के 1700 से अधिक पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 4 क्विंटल से अधिक बताया जा रहा है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरपडवा के एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह के निर्देशन और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई।
थाना प्रभारी नारायण रावल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पहले ड्रोन की मदद से खेत की लोकेशन और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया और बड़ी मात्रा में हरे पौधे जब्त किए।
41 लाख के गांजे के साथ NDPS एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त गांजे के पौधों का वजन 4 क्विंटल से अधिक बताया गया है। पुलिस अब इस अवैध खेती के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
इस कार्रवाई में वन विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। खेतों के रिकॉर्ड और भौगोलिक स्थिति के आधार पर खेती से जुड़े आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन 'ग्रीन स्ट्राइक' के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।