Davis Cup: नई दिल्ली: डेविस कप 2026 क्वालिफायर्स के दूसरे राउंड में भारत और साउथ कोरिया की भिड़ंत 18 और 19 सितंबर को होगी। मुकाबला सियोल के ओलंपिक पार्क टेनिस सेंटर के हार्ड कोर्ट पर खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पांच मैच होंगे और पहले तीन जीतने वाली टीम आगे बढ़ेगी।

पहले दिन दो सिंगल्स मुकाबले

18 सितंबर को दो सिंगल्स मैच खेले जाएंगे। भारत की ओर से धाक्शिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल उतरेंगे। सुरेश ने पहले राउंड में नीदरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। उनके प्रदर्शन से भारत ने नीदरलैंड को 3-2 से हराया था।

19 सितंबर को डबल्स समेत तीन मैच

19 सितंबर को पहले डबल्स और उसके बाद दो सिंगल्स मुकाबले होंगे। भारतीय टीम में नागल, सुरेश, मानस धामने, युकी भांबरी और एन. श्रीराम बालाजी को शामिल किया गया है। मुकाबले की शुरुआत भारतीय समय के अनुसार 18 सितंबर को सुबह 10:30 बजे और 19 सितंबर को सुबह 8:30 बजे होगी।

भारत-साउथ कोरिया रिकॉर्ड

डेविस कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 11 मुकाबले हुए हैं। साउथ कोरिया ने 6 और भारत ने 5 मैच जीते हैं। पिछली भिड़ंत 2016 में हुई थी, तब भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी।

भारत के पास फाइनल-8 में पहुंचने का मौका

इस मुकाबले की विजेता टीम नवंबर में इटली के बोलोग्ना में होने वाले डेविस कप फाइनल-8 में जगह बनाएगी। भारत 2019 में नए क्वालिफाइंग फॉर्मेट की शुरुआत के बाद पहली बार क्वालिफायर्स के दूसरे राउंड में पहुंचा है।

VETO OTT पर देख सकेंगे मैच

भारत में इस मुकाबले का लाइव स्ट्रीमिंग प्रसारण VETO OTT पर होगा। दर्शक स्मार्ट टीवी, Android TV, Fire TV Stick और Apple TV पर VETO ऐप के जरिए मैच देख सकेंगे।

Tags: