भारत ने मलयेशिया को 4-2 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने लगाई हैट्रिक
सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार चौथी जीत दर्ज की है। रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने मलयेशिया को 4-2 से हराया। टीम की जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए और हैट्रिक पूरी की। सुखजीत सिंह ने भी एक गोल दागा।
पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मलयेशिया ने वापसी की कोशिश की। 25वें मिनट में अखिमुल्लाह अनुआर ने मैदानी गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। पहले हाफ तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
FOUR IN A ROW, AND THE CHARGE CONTINUES! 🇮🇳🔥
Relive the best moments from India's thrilling 4-2 victory over Malaysia, as Captain Harmanpreet Singh's sensational hat-trick powered the defending champions to their fourth consecutive win at the Hero Asian Champions Trophy Punjab 2026! 🏑💪
India stay unbeaten and remain at the top of the table! 🙌
#HockeyIsBack #HACT2026 #SatSriAkalAsia #IndiaKaGame
— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 1, 2026
तीसरे क्वार्टर में भारत ने बनाई मजबूत बढ़त
दूसरे हाफ में भारत ने फिर से दबाव बनाया। 33वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। इसके बाद 43वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार मैदानी गोल करके भारत को 3-1 से आगे कर दिया।
आखिरी मिनट में पूरी की हैट्रिक
मैच के 58वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। हरमनप्रीत ने इसे गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। आखिरी मिनट में मलयेशिया के शेलो सिल्वरियस ने एक गोल किया, लेकिन भारत ने मुकाबला 4-2 से जीत लिया।
सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
भारत इससे पहले बांग्लादेश, चीन और जापान को हरा चुका है। इस जीत के साथ भारत की लगातार चौथी जीत हुई। दोनों टीमों के अलावा दक्षिण कोरिया और जापान भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। भारत सोमवार को अपने आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा।