Jharkhand Accident: सरायकेला। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के पास हुआ। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे जुगिलांग गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक, नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला देखने गए थे। तीनों ने मेले में पनामा सर्कस भी देखा। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि मालती चेकपोस्ट के पास जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम गोप और लुकास गोप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर हालत में सपन गोप को पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे के बाद अर्टिगा कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अब फरार चालक और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान में जुटी है।

नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

Tags: