रांची। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच को लेकर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ रहा है। इसी बीच झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने लाइफ मेंबर्स और संबद्ध इकाइयों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री टिकट वितरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। टिकट के साथ पात्र सदस्यों को टी-शर्ट भी दी जाएगी।

5 अक्टूबर को जमशेदपुर और 6 अक्टूबर को रांची में टिकट वितरण

JSCA के मुताबिक, जमशेदपुर में 5 अक्टूबर 2026 को कीनन स्टेडियम स्थित JSCA कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट बांटे जाएंगे। वहीं रांची में 6 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के एमएस धोनी पैवेलियन के साउथ गेट से टिकट वितरण होगा। यहां भी समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

टिकट के लिए पहचान पत्र जरूरी

टिकट लेने के लिए सदस्यों को JSCA फोटो आईडी कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। एसोसिएशन ने सदस्यों से स्वयं उपस्थित होकर टिकट लेने की अपील की है। हालांकि, किसी अधिकृत व्यक्ति के जरिए भी टिकट लिया जा सकता है। इसके लिए सदस्य को ईमेल के माध्यम से Authorisation Letter भेजना होगा, जिसमें सदस्य संख्या और अधिकृत व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज होना जरूरी है।

लाइफ मेंबर्स को मिलेंगे 5 तक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट

JSCA के अनुसार लाइफ मेंबर्स को अधिकतम पांच कॉम्प्लिमेंट्री टिकट दिए जाएंगे। इन टिकटों की निर्धारित कीमत ₹3,500 से ₹8,000 तक है। संबद्ध जिलों के लिए अधिकतम 100 टिकट का कोटा रखा गया है, जिसमें 50 टिकट ₹3,000 और 50 टिकट ₹3,500 की कीमत वाले होंगे।

स्कूल, क्लब और अन्य संस्थानों के लिए अधिकतम 25 टिकट का कोटा तय किया गया है। इनमें 15 टिकट ₹3,000 और 10 टिकट ₹3,500 के होंगे।

अतिरिक्त टिकट के लिए 2 अक्टूबर तक आवेदन

जो सदस्य या संबद्ध इकाइयां अतिरिक्त टिकट खरीदना चाहती हैं, उन्हें 2 अक्टूबर 2026 शाम 6 बजे तक JSCA को ईमेल के जरिए मांग पत्र भेजना होगा। अतिरिक्त टिकट की राशि का भुगतान RTGS या NEFT के माध्यम से JSCA के बैंक खाते में करना होगा।

सामान्य टिकट ₹1,600 से ₹4,500 तक

भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबले के सामान्य टिकटों की कीमत कैटेगरी के हिसाब से तय की गई है। ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट ₹1,600 में उपलब्ध होंगे। विंग A और C के अपर/लोअर टिकट ₹2,000 से ₹3,000, जबकि विंग B के टिकट ₹2,500 से ₹3,500 तक होंगे। विंग D के टिकट ₹2,500 से ₹3,000 और डोनर्स एंक्लोजर का टिकट ₹4,000 निर्धारित किया गया है। अमिताभ चौधरी पैवेलियन के प्रीमियम टेरेस टिकट की कीमत ₹4,500 होगी।

हॉस्पिटैलिटी टिकटों की कीमत ₹8,000 से ₹18,000 तक

हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी में कॉर्पोरेट बॉक्स का टिकट ₹8,000, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स ₹9,000 और एमएस धोनी पैवेलियन लक्जरी पार्लर का टिकट ₹10,000 निर्धारित है। वहीं कॉर्पोरेट लाउंज के लिए ₹15,000 और प्रेसिडेंट एंक्लोजर के लिए ₹18,000 का टिकट रखा गया है।

9 अक्टूबर के भारत-वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले से पहले टिकट वितरण की तारीखें और कीमतें सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। JSCA की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक अब सदस्यों और अन्य दर्शकों को टिकट से जुड़ी प्रक्रिया के लिए निर्धारित तारीखों का पालन करना होगा।

Tags: