Jharkhand Accident : रामगढ़। चुट्टूपालू घाटी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सरिया से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रेलर पर सवार दोनों लोग सरिया के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेलर में लदे सरिये को हटाकर शवों को बाहर निकालने में पुलिस और राहत टीमों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

रांची से हजारीबाग जा रहा था ट्रेलर

जानकारी के मुताबिक ट्रेलर रांची की ओर से सरिया लेकर हजारीबाग जा रहा था। वन विभाग के रेस्ट हाउस के सामने घाटी में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रेलर को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क से नीचे उतरकर गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार दोनों लोग सरिये के नीचे दब गए।

शव निकालने में घंटों चला रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मौजूदगी में ट्रेलर से सरिया हटाने का काम शुरू किया गया। एएसआई मनोज कुमार के मुताबिक, यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के बाद कोई अन्य व्यक्ति गड्ढे में तो नहीं दबा है। पुलिस के अनुसार चुट्टूपालू घाटी में तीखी ढलान होने के कारण यहां पहले भी सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं।

लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर सवाल

घाटी में लगातार हो रहे हादसों के बीच स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा इंतजाम और सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा ढांचा होना जरूरी है।

स्थानीय स्तर पर NHAI की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क किनारे बने सुरक्षा ढांचे को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें किसी तरह की लापरवाही की भूमिका रही या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags: