Jharkhand Crime : प्रेमी से शादी के लिए पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, कीटनाशक का इंजेक्शन देकर उतारा मौत के घाट
कोडरमा में बोरे में बंद मिला था नरेश ठाकुर का शव, पुलिस ने 48 घंटे में मामले का खुलासा करने का दावा करते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया।
Jharkhand Crime : कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि प्रेमी ने इलाज के बहाने पति को अपने क्लिनिक में बुलाया और कीटनाशक का इंजेक्शन दे दिया। मौत के बाद शव को बोरे में बंद कर बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
2019 से प्रेम संबंध, शादी के लिए हत्या की साजिश का आरोप
यह मामला हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर निवासी नरेश ठाकुर की हत्या से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, नरेश की पत्नी किरण देवी और सुनील ठाकुर के बीच वर्ष 2019 से प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों शादी करना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने नरेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
इलाज के बहाने क्लिनिक बुलाया
पुलिस की जांच के मुताबिक, नरेश 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। सुनील ठाकुर नरेश का परिचित था और झोलाछाप चिकित्सक के रूप में काम करता था। आरोप है कि उसने इलाज कराने के बहाने नरेश को अपने क्लिनिक बुलाया और वहां कीटनाशक का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद शव को क्लिनिक में ही बोरे में बंद कर दिया गया और मौका मिलने पर मोटरसाइकिल से ले जाकर नवलशाही थाना क्षेत्र में लकराही तालाब के पास स्थित बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया गया।
पति के लापता होने की दर्ज कराई थी शिकायत
घटना के बाद किरण देवी ने चौपारण थाने में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बीच 17 अक्टूबर को नवलशाही पुलिस को बंद पड़ी पत्थर खदान से एक अज्ञात शव मिला। पहचान होने पर शव नरेश ठाकुर का निकला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सुनील ठाकुर की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, नरेश का मोबाइल फोन और पर्स बरामद किया गया। पर्स से आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और एसबीआई का बैंक कार्ड मिला।
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के मुताबिक, जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी की योजना से जुड़ा पहलू सामने आया है। मामले में किरण देवी और सुनील ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में नवलशाही थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।