Jharkhand Crime : सब-इंस्पेक्टर के बंद घर से 20 लाख से ज्यादा की चोरी, CCTV में कैद हुए संदिग्ध
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में तीन से चार संदिग्धों ने ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी।

Jharkhand Crime : रांची। झारखंड की राजधानी रांची में चोरों ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड स्थित इस मकान में हुई चोरी में 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का शुरुआती अनुमान है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था। इसी दौरान तीन से चार संदिग्धों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। आरोपियों ने अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की गई, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
सुबह शशि गुप्ता के एक रिश्तेदार ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। घर के अंदर पहुंचने पर आलमारियां और दीवान टूटे मिले, जबकि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घटना की सूचना शशि गुप्ता को दी गई।
सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस फुटेज की जांच के साथ संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों का भी पता लगा रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


