SING Forum 2026 : रायपुर। छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश को लेकर सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 से बड़ी खबर सामने आई है। फोरम के दौरान राज्य को कुल 43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव 100 मेगावाट हाइपरस्केल डेटा सेंटर परियोजना का है, जिसकी अनुमानित निवेश राशि 41,750 करोड़ बताई गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global Pte Ltd को डेटा सेंटर परियोजना के लिए औपचारिक ‘Invitation to Invest’ पत्र सौंपा। इस परियोजना के जरिए छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर इकोसिस्टम को विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ा फोकस

SING Forum में सामने आए निवेश प्रस्तावों से राज्य के औद्योगिक विकास के साथ-साथ डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नई तकनीक के क्षेत्र में विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। 100 MW की प्रस्तावित हाइपरस्केल डेटा सेंटर परियोजना को इस दिशा में प्रमुख निवेश माना जा रहा है।

सरकार का कहना है कि बड़े निवेश से डिजिटल क्षेत्र में नई कंपनियों और तकनीकी परियोजनाओं के लिए अवसर बन सकते हैं। साथ ही इससे राज्य में निवेश का माहौल मजबूत होने और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

SING Forum 2026 में मिले 43,250 करोड़ के प्रस्तावों को छत्तीसगढ़ के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

Tags: