GST Raid Raipur Gutkha Seized: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित गुटखे के अवैध कारोबार के खिलाफ रविवार को पुलिस और प्रशासन ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करोड़ों रुपये कीमत का प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद से अवैध कारोबारियों और टैक्स चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर छापा

पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि खमतराई इलाके में अवैध रूप से प्रतिबंधित गुटखे का भारी स्टॉक डंप किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित ठिकाने पर दबिश दी, जहां गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में गुटखे के कार्टून और बोरियां भरी मिलीं।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध भंडारण और परिवहन के जरिए बड़े पैमाने पर Tax चोरी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने GST विभाग को इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी है। अब जीएसटी और पुलिस की संयुक्त टीमें स्टॉक, खरीद-फिक्री और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही हैं।

कहां से आता था माल और कहां होती थी सप्लाई?

जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि यह प्रतिबंधित गुटखा कहां से लाया गया था और छत्तीसगढ़ के किन-किन जिलों या इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य कारोबारियों और सप्लायरों की शिनाख्त कर रही है।जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सही रकम और इस काले कारोबार से जुड़े सभी चेहरों का खुलासा हो सकेगा।

Tags: