CG News : हसदेव में डूबे तीनों छात्रों के शव मिले, अब टापू तक जाने पर लगेगी रोक
एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों लापता छात्रों के शव निकाले, हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश।
CG News : जांजगीर-चांपा। देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी के तेज बहाव में बहने वाले तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे के अंतराल में सचिन सिंह और मुरारी साहू के शव नदी से बाहर निकाले। इससे पहले शनिवार को पवन लाल का शव बरामद किया गया था।
घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को देवरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने पहुंचे। अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके दोनों साथी भी नदी में उतर गए और बहाव की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शनिवार को पवन का शव मिला, जबकि रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह का शव बरामद किया गया। इसके करीब 45 मिनट बाद 7 बजे मुरारी साहू का शव भी खोज लिया गया।
रेस्क्यू टीम के मुताबिक मुरारी साहू का शव नदी में पत्थरों के बीच बनी एक खोह में फंसा हुआ था। टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे के बाद प्रशासन सख्त
देवरी पिकनिक स्पॉट पर हुए हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कराने और प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाकर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने का प्रयास किया जाएगा।