Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City Crime : परिचित से मिलने पहुंचा था युवक, बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकलते ही तीन नाबालिगों ने चाकू से किया हमला

पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम, गंभीर हालत में मेकाहारा ले जाए गए 18 वर्षीय सावन सेन की मौत, पुलिस ने तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया।

Raipur City Crime : परिचित से मिलने पहुंचा था युवक, बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकलते ही तीन नाबालिगों ने चाकू से किया हमला
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। माना थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के मुख्य द्वार के बाहर तीन नाबालिगों ने 18 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है।

मृतक की पहचान सावन सेन (18 वर्ष), निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती रायपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां वह हत्या के एक पुराने मामले में बंद अपने परिचित से मिलने आया था।

बताया जा रहा है कि मुलाकात के बाद जैसे ही सावन संप्रेक्षण गृह के मुख्य द्वार से बाहर निकला, पहले से मौजूद तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सावन को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। तीनों नाबालिग सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती क्षेत्र में सावन ने मुख्य आरोपी पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना का बदला लेने के लिए तीनों सावन की तलाश में थे। बुधवार को उसके बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचने की जानकारी मिलने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल माना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019