बिलासपुर। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग और बरौनी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। इसके अलावा शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

दुर्ग से बरौनी के लिए आज से चलेगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 08755 दुर्ग-बरौनी पूजा स्पेशल प्रत्येक बुधवार 4, 11 और 18 नवंबर को दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन रायपुर में सुबह 11:15 बजे पहुंचकर 11:20 बजे रवाना होगी। इसके बाद भाटापारा में दोपहर 12:12 बजे पहुंचकर 12:14 बजे और बिलासपुर में दोपहर 1:15 बजे पहुंचकर 1:25 बजे रवाना होगी।

आगे चांपा में दोपहर 2:14 बजे और रायगढ़ में 3:08 बजे पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 11 बजे ट्रेन बरौनी पहुंचेगी।

बरौनी से दुर्ग के लिए वापसी का समय

वापसी में गाड़ी संख्या 08756 बरौनी-दुर्ग पूजा स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 5, 12 और 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे बरौनी से रवाना होगी। अगले दिन रायगढ़ में दोपहर 12:25 बजे, चांपा में 1:35 बजे और बिलासपुर में 3:55 बजे पहुंचेगी। यहां से शाम 4:05 बजे रवाना होकर भाटापारा में शाम 7:10 बजे और रायपुर में रात 9:05 बजे पहुंचेगी। ट्रेन के दुर्ग पहुंचने का समय रात 11:05 बजे निर्धारित किया गया है।

इन स्टेशनों पर भी होगा ठहराव

दुर्ग-बरौनी पूजा स्पेशल ट्रेन का ठहराव रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़ के अलावा झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा और किऊल में भी होगा।

ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 13 एसी-3, तीन स्लीपर, दो जनरल और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी बढ़ेंगे कोच

रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।

गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी में 5 से 8 नवंबर तक और वापसी की गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी-शालीमार में 7 से 10 नवंबर तक एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जाएगा।

इसी तरह शालीमार-एलटीटी में 9 से 11 नवंबर तक और एलटीटी-शालीमार में 11 से 13 नवंबर तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध हो सकेंगी।

Tags: