CG News : SSB कैंप में हवलदार ने उठाया खौफनाक कदम, सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, जांच में जुटे अधिकारी
अंतागढ़ के कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में हुई घटना, हवलदार की मौके पर मौत; आत्महत्या की वजह फिलहाल अज्ञात
CG News : भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र के कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में सोमवार को एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। कैंप में तैनात हवलदार आनंद प्रकाश तिवारी ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आनंद प्रकाश तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और कुहचे स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात थे। घटना के समय कैंप में मौजूद अन्य जवानों और अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों तथा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और SSB के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की परिस्थितियों और जवान द्वारा उठाए गए कदम के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।