CG News : थाने की कस्टडी से फरार हुआ अवैध शराब बिक्री का आरोपी, लापरवाही पर आरक्षक निलंबित
जांजगीर-चांपा के मुलमुला थाने से तड़के फरार हुआ फनेंद्र सिंह, निगरानी में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया पर हुई कार्रवाई; पुलिस तलाश में जुटी
CG News : जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। मुलमुला थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी फनेंद्र सिंह को थाने में कस्टडी में रखा था, लेकिन वह तड़के पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, फनेंद्र सिंह को अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे मुलमुला थाना लाया गया, जहां उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को दी गई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच थाना परिसर से फरार हो गया। आरोपी के गायब होने की जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है।
मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है।आरोपी आखिर पुलिस कस्टडी से किस तरह फरार हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।