CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें CISF में DIG के पद पर दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है। दिल्ली मेट्रो को देश की प्रमुख शहरी परिवहन व्यवस्थाओं में शामिल माना जाता है, ऐसे में उनकी नई जिम्मेदारी काफी अहम होगी।

संतोष सिंह इससे पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान हैदराबाद में DIG South Zone-2 के पद पर सेवाएं दे रहे थे। इस जिम्मेदारी के तहत वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दायित्व संभाल चुके हैं।

छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में कर चुके हैं पुलिसिंग

IPS संतोष सिंह छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SP/SSP के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा बड़ी चुनौती

दिल्ली मेट्रो दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को जोड़ती है और रोजाना बड़ी संख्या में यात्री इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में मेट्रो स्टेशनों, यात्रियों और महत्वपूर्ण परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना CISF की अहम जिम्मेदारियों में शामिल है। अब इस सुरक्षा व्यवस्था में संतोष सिंह की प्रशासनिक और सुरक्षा विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जाएगा।

Tags: