CG Crime : बालोद। जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,500 नशीली टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को बालोद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग बाइक और स्कूटी में नशीली दवाइयां लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिलीं 1,500 नशीली टैबलेट

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 1,500 टैबलेट बरामद हुईं। जब्त गोलियों की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

भुवनेश्वर से लाने की बात आई सामने

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लाने की जानकारी दी है। मामले में बालोद थाने में अपराध क्रमांक 0574/2026 के तहत NDPS एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जब्त सामग्री और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags: