CG Crime : करमा खेलने के बाद खूनी खेल, कमरे में युवक की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार, 2 आरोपी हिरासत में
करमा खेलने के दौरान हुआ विवाद, देर रात कमरे में पहुंचे दोनों आरोपियों ने युवक पर कुल्हाड़ी से किया हमला; मौके पर मौत, पुलिस पूछताछ में जुटी
CG Crime : अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम खैरबार में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। गैरेज में काम करने वाले 27 वर्षीय विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा की उसके ही दो साथियों ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विश्वजीत मूल रूप से कोरिया जिले के पटना का रहने वाला था और पिछले करीब एक साल से अंबिकापुर में गैरेज में काम कर रहा था। गैरेज हटाए जाने के बाद उसके संचालक ने खैरबार में नया गैरेज शुरू किया था, जहां विश्वजीत काम करने के साथ पास के कमरे में रहता था।
शनिवार रात विश्वजीत अपने तीन साथियों आकाश उर्फ चिंटू, आकाश और शनि के साथ गांव में करमा खेलने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर चारों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। इसके बाद विश्वजीत अपने साथी शनि के साथ वापस कमरे में लौट आया।
बताया जा रहा है कि देर रात आकाश उर्फ चिंटू और आकाश कुल्हाड़ी लेकर विश्वजीत के कमरे में पहुंचे। दोनों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। शनि ने घटना की जानकारी गैरेज संचालक रमेश सोनी को दी, जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शनि के बयान के आधार पर आकाश उर्फ चिंटू और आकाश को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।