Constable Suspended: भिलाई में आबकारी-एक्ट आरोपी को छुड़वाने पहुंचे दो आरक्षक सस्पेंड, एसएसपी ने 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
Constable Suspended: भिलाई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले आरोपी को छुड़ाने के लिए प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Constable Suspended: दुर्ग-भिलाई। भिलाई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोपी को कार्रवाई से बचाने और उसे छुड़ाने के लिए प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान छावनी थाना के आरक्षक सोनू चौहान और खुर्सीपार थाना के आरक्षक चंद्रभान चौहान मौके पर पहुंचे। दोनों ने कार्रवाई की जद में आए एक आरोपी को छोड़ने के लिए प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाया।
Constable Suspended: कार्रवाई नहीं करने को लेकर दबाव
बताया गया है कि दोनों आरक्षक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात कह रहे थे। इसी दौरान प्रधान आरक्षक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार भी किया गया। घटना के बाद रामनारायण यदु ने मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
प्रधान आरक्षक ने थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को दी।
Constable Suspended: 24 घंटे में जांच रिपोर्ट के निर्देश
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने आरक्षक सोनू चौहान और चंद्रभान चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में दोनों आरक्षकों को रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है।
एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को दोनों आरक्षकों के खिलाफ प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच पूरी कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।