Share Market update

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट रही। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 417 अंक गिरकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 23,900 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। बाजार में दिनभर उतार-चढ़ाव देखने को मिला और शुरुआती बढ़त कारोबार खत्म होते-होते गिरावट में बदल गई।

सुबह तेजी, बाद में बिकवाली हावी

कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 0.45% तक की तेजी आई थी। इससे पिछली गिरावट के बाद बाजार में सुधार की उम्मीद बनी थी। हालांकि, बाद में निवेशकों की बिकवाली बढ़ गई और दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में चले गए।

IT और ऑटो शेयरों पर दबाव

गुरुवार को IT, FMCG, फार्मा और ऑटो सेक्टर के शेयरों में दबाव रहा। बजाज ऑटो और टेक महिंद्रा के शेयर करीब 2% तक टूटे। इसके उलट रियल्टी, सरकारी बैंक और केमिकल सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। निजी बैंक और वित्तीय सेवाओं के शेयर भी मजबूती में रहे।

वैश्विक बाजारों में तेजी का रुख

भारतीय बाजार की गिरावट के विपरीत गुरुवार को ज्यादातर प्रमुख वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख रहा। स्टॉक्स यूरोप 600 में 0.3% की तेजी रही। वहीं S&P 500 और Nasdaq 100 के वायदा कारोबार में 0.1% की बढ़त दर्ज की गई। डाउ जोंस फ्यूचर्स भी 0.2% ऊपर रहा।

एशियाई बाजार भी मजबूत रहे

MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स में 0.7% की तेजी आई, जबकि MSCI इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स 0.2% ऊपर रहा। वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने के बावजूद घरेलू बाजार में गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। बाजार जानकारों के मुताबिक, घरेलू स्तर पर बिकवाली और मुनाफावसूली इसका प्रमुख कारण हो सकती है।

Tags: