आसमान से गिरा पत्थर, युवक को झुलसाया, क्या ये उल्कापिंड था?
बिहार: बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी नगर पंचायत के वार्ड 10 में एक अजीब घटना सामने आई, जब आसमान से आग के गोले की तरह एक बड़ा पत्थर गिरा और इलाके में हड़कंप मच गया। पत्थर गिरने के बाद वह कई हिस्सों में टूटकर बिखर गया, और इनमें से कुछ टुकड़ों में आग लग गई। यह दृश्य देख कर लोग हैरान रह गए। गांव में चर्चा शुरू हो गई कि यह उल्कापिंड हो सकता है।
घटना के करीब मौजूद एक युवक ने सुनहरे रंग के पत्थर के एक टुकड़े को उठाकर अपने जेब में रख लिया। कुछ देर बाद, जब वह युवक घर जा रहा था, तो पत्थर के टुकड़े में आग लग गई और युवक झुलस गया। उसे तुरंत मनिहारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। युवक के शरीर के जांघ, पेट और हाथ जल गए।

स्थानीय लोगों ने देखा कि आकाश से तेज रोशनी के साथ कुछ गिरा और कुछ समय तक इसे पटाखा समझकर नजरअंदाज किया गया। फिर, वासुदेव सिंह के घर की छत पर पत्थर गिरा, तो लोग बाहर निकले और देखा कि गोल आकार का पत्थर जल रहा है और कुछ हिस्सों से धुआं उठ रहा था। ग्रामीणों ने उत्सुकता से उस पर पानी डाला, जिससे आग बुझी। पत्थर का रंग सुनहरा था और ठंडा होने पर गोलू कुमार नामक युवक ने उसे अपने जीन्स के पॉकेट में रख लिया।
कुछ देर बाद, युवक का जेब में रखा पत्थर जलने लगा, और युवक झुलस गया। इसके बाद पत्थर को एकत्र कर पुलिस को सूचना दी गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक उल्कापिंड का टुकड़ा हो सकता है, जिससे यह खगोलीय घटना प्रतीत होती है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। अब ग्रामीण इस पत्थर को किसी खगोलशास्त्र के जानकार को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


