फिल्म 'पुष्पा 2' के खिलाफ विवाद: IPS अधिकारी की छवि धूमिल करने का आरोप,कार्यवाही की मांग....
गौरेला पेंड्रा मरवाही : फिल्म ‘पुष्पा 2’ लगातार विवादों में घिरी हुई है। रिलीज के बाद से ही दर्शक सोशल मीडिया के माध्यम से फिल्म के विरोध में आवाज उठा रहे हैं। अब एक नया विवाद सामने आया है, जिसमें फिल्म में एक IPS अधिकारी को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने का आरोप है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही के श्रीराम सेना के अध्यक्ष महर्षि गौतम ने गृह मंत्री को पत्र लिखकर इस फिल्म के खिलाफ शिकायत की है। उनका आरोप है कि फिल्म में एक IPS अधिकारी को स्विमिंग पूल में गिराकर पेशाब करने जैसा आपत्तिजनक दृश्य दिखाया गया है, जो कि IPS जैसे प्रतिष्ठित पद की गरिमा को धूमिल करता है।

श्रीराम सेना के अध्यक्ष ने यह भी मांग की है कि फिल्म के हीरो, निर्देशक और सेंसर बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बाद, पेंड्रा पुलिस थाने में एक शिकायत आवेदन भी दिया गया है, और तत्काल अपराध दर्ज करने की मांग की गई है। महर्षि गौतम ने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म के डायरेक्टर, हीरो और सेंसर बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे न्यायालय की शरण लेंगे।
बता दें कि फिल्म ‘पुष्पा 2’ को लेकर पहले भी कई विवाद हो चुके हैं। प्रमोशन के दौरान हुए भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद फिल्म के अभिनेता अल्लु अर्जुन को जेल तक जाना पड़ा था, और कई जगहों पर फिल्म के कास्ट का विरोध किया गया था।
इस फिल्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अब मामला बढ़ता नजर आ रहा है, और यह देखना होगा कि गृह मंत्रालय और पुलिस इस पर किस तरह की कार्रवाई करते हैं।

