जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे 43 पर बालाछापर के पास हुआ। कार सवार लोग जनकपुर (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) से रांची जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। जशपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

