CG News: Man who swindled the unemployed by posing as a central government official arrested; car bearing 'Government of India' markings and a fake ID card seized.
CG News : रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान-पत्र, एडिटेड तस्वीरों और सरकारी रसूख का दिखावा कर लोगों को अपने झांसे में लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी और “भारत सरकार” अंकित कार जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(2), 319(2), 336(3) और 340 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
CG News : ट्रेन में हुई पहचान, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल- शिकायतकर्ता गुरु नारायण ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले ट्रेन यात्रा के दौरान आरोपी से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए ऊंचे अधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया और सरकारी नौकरी, ट्रांसफर एवं पोस्टिंग कराने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की।
CG News : एडिटेड फोटो और फर्जी आईडी से बनाता था भरोसा-
जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग केंद्रीय मंत्रालयों के फर्जी पहचान-पत्र तैयार कराता था। वह एडिटेड तस्वीरों के जरिए खुद को वरिष्ठ अधिकारियों और वीआईपी हस्तियों के साथ दिखाकर लोगों का विश्वास जीतता और फिर नौकरी या सरकारी काम कराने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूलता था।
CG News : ‘भारत सरकार’ लिखी कार से जमाता था रौब-
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी कार पर “भारत सरकार” लिखवा रखा था, ताकि लोगों पर सरकारी अधिकारी होने का प्रभाव पड़े। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ठगी से मिली रकम से उसने महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान खरीदे थे तथा लग्जरी शॉपिंग का भी शौक रखता था।
CG News : फर्जी दस्तावेज, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त-
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फर्जी पहचान-पत्र, कई दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नकद राशि और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।
CG News : कई राज्यों में फैला हो सकता है ठगी का नेटवर्क-
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगे हैं। फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में ठगी के और भी मामलों तथा संभावित सहयोगियों का खुलासा हो सकता है।

