MP News : कालापीपल को CM डॉ. मोहन यादव की सौगात, 30.86 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ; बोले- किसानों और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
MP News : शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 जुलाई को शाजापुर जिले के कालापीपल को 30.86 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन और ‘हरा-भरा कालापीपल’ पौधरोपण अभियान का शुभारंभ भी किया।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री का कालापीपल में रोड शो हुआ, जहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
MP News : नई सड़कें और रेलवे ओवर ब्रिज की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाजापुर जिले के लिए नई सड़क परियोजनाओं और रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कालापीपल प्राकृतिक संसाधनों और कृषि के लिहाज से बेहद समृद्ध क्षेत्र है। यहां की पांच प्रमुख नदियां क्षेत्र की पहचान हैं और सरकार जल संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
MP News : किसानों के हित में बड़े फैसलों का दावा
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को एक साल के लिए लोन सुविधा देने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें बार-बार ब्याज संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती दी जा रही है।
MP News : सिंचाई क्षेत्र बढ़ने का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिंचाई का क्षेत्र तेजी से बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि पहले जहां सिंचाई का रकबा सीमित था, वहीं अब प्रदेश में लाखों हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है।
उन्होंने कहा कि नर्मदा, पार्वती, कालीसिंध और अन्य नदी परियोजनाओं के जरिए किसानों तक पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। आने वाले समय में शेष गांवों को भी जल सुविधा से जोड़ा जाएगा।
MP News : बुंदेलखंड और जल परियोजनाओं पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल विवादों का समाधान किया गया है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से दोनों राज्यों के कई जिलों को फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की समस्या दूर होगी और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
MP News : महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है और प्रदेश में निवेश आने से नए रोजगार के रास्ते खुल रहे हैं।
MP News : इसी महीने UCC लागू करने का दोहराया संकल्प
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग कानूनों की जरूरत नहीं होनी चाहिए और सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार इसी महीने विधानसभा में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में प्रयास करेगी।
MP News : निवेश और उद्योगों से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़े निवेश प्रस्तावों पर काम चल रहा है और नए उद्योगों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

