MP News : मुरैना की सबलगढ़ मंडी में लगी भीषण आग, 12 से 14 सब्जी गोदाम जलकर खाक; लाखों का नुकसान
MP News : मुरैना। मुरैना जिले की सबलगढ़ कृषि उपज मंडी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से 12 से 14 सब्जी गोदाम जलकर खाक हो गए। आलू, प्याज, लहसुन समेत लाखों रुपये की सब्जियां और बारदाना नष्ट हो गया।
MP News : चार दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सबलगढ़ नगर पालिका, कैलारस, झुंडपुरा और गेल इंडिया की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। चारों दमकल वाहनों ने लगातार दो घंटे से ज्यादा मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
MP News : आलू-प्याज समेत लाखों का माल जला
आग में आलू, प्याज, लहसुन, अदरक और मिर्च समेत बड़ी मात्रा में सब्जियां नष्ट हो गईं। रामदेव कुशवाह के गोदाम में 7 लाख रुपये का माल और 1 लाख रुपये का बारदाना जल गया। सुरेश कुशवाह के गोदाम में 2 लाख रुपये का लहसुन नष्ट हुआ। कई अन्य व्यापारियों को भी भारी नुकसान हुआ है।
MP News : महीने की शुरुआत में गोदाम भरे हुए थे
मंगलवार को ही बड़ी मात्रा में सब्जियां मंडी में पहुंची थीं। बुधवार को मंडी बंद होने के कारण गोदामों में माल भरा हुआ था। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है।
MP News : पुलिस कर रही जांच
सबलगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

