Jharkhand : कस्तूरबा गांधी स्कूल में फूड पॉयजनिंग से 100 से अधिक छात्राएं बीमार, मचा हड़कंप
Jharkhand : गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंदी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में फूड पॉयजनिंग की घटना सामने आई है। करीब 100 छात्राएं एक साथ बीमार पड़ गईं। छात्राओं में पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और कमजोरी की शिकायतें बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
Jharkhand : मुरमुरा खाने और टंकी का पानी पीने से हुई तबीयत बिगड़ी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्राओं को दिन में पूआ-चावल और शाम को मुरमुरा दिया गया था। मुरमुरा खाने के बाद छात्राओं ने छात्रावास की पानी की टंकी का गर्म पानी पी लिया। इसके कुछ देर बाद ही कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी।
Jharkhand : अस्पताल में भर्ती, एक दर्जन की हालत गंभीर
बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर पहुंचाया गया। वहां कई को प्राथमिक उपचार और सलाइन दिया गया। एक दर्जन से अधिक छात्राओं का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल अधिकांश छात्राओं की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Jharkhand : अभिभावकों में आक्रोश, लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी में छात्राओं को ठंडा और साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया गया। पूरी व्यवस्था केवल गार्ड के भरोसे चल रही थी और वार्डन व अकाउंटेंट मौजूद नहीं थे।
Jharkhand : प्रशासन ने शुरू की जांच
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। खाने के सैंपल और पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। स्कूल में कुल 300 से ज्यादा छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। इस घटना ने छात्रावासों में भोजन और पानी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

