MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे भोजशाला, मां वाग्देवी की पूजा कर की प्रदेश की समृद्धि की कामना
MP News : धार। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला को मंदिर मानने के फैसले के बाद सोमवार को धार पहुंचे। उन्होंने ऐतिहासिक भोजशाला में मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। भोजशाला को इस अवसर पर विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था।
MP News : 20 मिनट तक परिसर का निरीक्षण, हिंदू प्रतीकों की ली जानकारी
मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक भोजशाला परिसर में रहे। उन्होंने मां वाग्देवी की आरती उतारी, पुष्प अर्पित किए और परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। साथ ही वहां मौजूद हिंदू प्रतीक चिन्हों और ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी ली। सीएम हेलीकॉप्टर से धार पहुंचे, जहां से वे कारकेड के माध्यम से राजवाड़ा पहुंचे और फिर रोड शो करते हुए भोजशाला पहुंचे। उनके स्वागत के लिए रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
MP News : वाग्देवी की प्रतिमा वापस लौटेगी भोजशाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा भोज की नगरी धार भोजशाला के कारण प्रसिद्ध रही है। अब मां वाग्देवी की प्रतिमा भोजशाला में वापस लौटेगी। उन्होंने कहा कि यह स्थान शिक्षा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में विकास के नए अवसर प्रदान करेगा। सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुरातत्व विभाग की मर्यादा बनाए रखते हुए विकास कार्य करेगी।
MP News : धार के लिए विशेष लगाव, न्यायालय के फैसले का स्वागत
सीएम मोहन यादव ने कहा कि धार उनके मन में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने इंदौर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार न्यायालय के फैसले के अनुरूप कार्य करेगी। उन्होंने जोर दिया कि भोजशाला के विकास के लिए सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है।
MP News : मंत्रियों संग किया दौरा
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
MP News : धार्मिक पर्यटन को नई गति
मुख्यमंत्री के इस दौरे को भोजशाला को मंदिर के रूप में मान्यता मिलने के बाद एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह दौरा न सिर्फ धार्मिक महत्व रखता है बल्कि धार जिले के समग्र विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


