CG Accident: A speeding truck crushed a husband and wife riding a bike, they died on the spot, the innocent child is serious.
CG Accident : कबीरधाम। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कुण्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर निर्माण एजेंसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
CG Accident : जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है, जो सारंगढ़ के निवासी थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से कोलेगांव स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को पास देने के दौरान बाइक सड़क किनारे बनी गीली मिट्टी पर फिसल गई।
CG Accident : बाइक गिरते ही पति-पत्नी सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 4 साल का मासूम दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
CG Accident : घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि सड़क किनारे शोल्डर कटिंग में मुरुम की बजाय मिट्टी डाली गई, जो बारिश में दलदल बन गई है। इसी वजह से आए दिन वाहन फिसल रहे हैं और हादसे हो रहे हैं।
CG Accident : ग्रामीणों ने ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी और निर्माण एजेंसी नहीं पहुंचेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम लोगों को समझाने में जुटी रही।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


